मंगलवार, 27 जून 2017

हेमकुंड साहिब यात्रा भाग 4: ऋषिकेश से गोविन्द घाट

अलकनन्दा का एक दृश्य

इस यात्रा वृत्तांत को शुरू से पढ़ने के लिए  यहाँ क्लिक करें।
14 जून,2016


सुबह नहा-धो कर सभी पौने पाँच के बजे क़रीब बस अड्डे पहुँच गये।वहां बहुत सी बसें खड़ी थीं।कोई गंगोत्री जा रही थी तो कोई यमुनोत्री।कोई बद्रीनाथ तो कोई केदारनाथ।सब से पहले हमनें अपने वाली बस की खोज की एवं तत्पश्चात चाय पी गई।जब चाय पीने के बाद हम बस में पहुंचे तो हमारी दो सीटों पर कोई और महानुभाव बैठे मिले।उनसे कहा गया कि भाई आप लोग गलत जगह बैठ गए हैं ये सीट हमारी है तो उन्होंने अपनी टिकट निकाल कर दिखा दी।उनकी टिकट पर वही संख्या दर्ज थी जो हमारी टिकट पर थी।परिचालक से इसकी शिकायत की गई तो जवाब मिला आप दूसरी सीट पर बैठ जाओ।ज़िरह बाजी हुई।गुस्सा भी बहुत आया।नतीजा सिफ़र।

साढ़े पाँच बजे बस चल पड़ी।लक्ष्मण झूले वाले रास्ते से ही बस चल रही थी।आबादी से निकलने के साथ ही पहाड़ी मार्ग शुरू हो गया।जंगल शुरू हो गए।मजा आने लगा।
अजय खिड़की वाली सीट पर बैठा है और मैं अजय के साथ वाली पर।अनिल खिड़की वाली सीट पर है और विनोद अनिल के साथ वाली पर।शमशेर को ड्राइवर के केबिन में सीट मिल गई है।बस में सभी सीटें 2 सीटों वाली हैं।मैं सोच रहा हूँ अजय मुझे खिड़की वाली सीट पे बैठने देगा या नही।अगर देगा तो कब।

ये बस बद्रीनाथ जा रही है और हेमकुंड साहिब का आधार स्थल गोविंदघाट उसी रास्ते पर बद्रीनाथ से लगभग 25-30 किलोमीटर पहले है।इसलिए इस बस में हेमकुंड साहिब और बद्रीनाथ दोनों के यात्री विराजमान है।इस रास्ते में देवप्रयाग,श्रीनगर,रुद्रप्रयाग,कर्णप्रयाग और जोशीमठ जैसे महत्वपूर्ण स्थल पड़ते हैं।देवप्रयाग ऋषिकेश से लगभग 70 किलोमीटर दुरी पर है।सम्पूर्ण रास्ता पहाड़ी है।
लगभग डेढ़ घण्टे चलने के बाद बस ऋषिकेश और देवप्रयाग के बीच कहीं रुकती है।यहाँ कुछ होटल और दुकानें बनी हुई हैं।यहाँ चाय पी गई और 1-2 दोस्तों को छोड़ कर सभी ने 1-परांठा भी खाया।भुना हुआ मक्का मिल रहा था उसका स्वाद भी चख कर देखा गया।यहां से पर्वतों के नजारे बहुत शानदार दिख रहे हैं।घाटियों की गहराई भी मन को प्रसन्न कर रही है।15 मिनट बाद बस चल पड़ी।
अलकनन्दा सड़क के साथ-साथ चल रही है।शायद हमारा दूर तक का साथ है।लगभग 1 घण्टे बाद बस देवप्रयाग पहुँचती है।समुन्द्रतल से 830 मीटर ऊंचाई पर बसा ये सुन्दर शहर अलकनन्दा और भागीरथी नदियों का संगम स्थल है।बस से हम संगम को ढंग से नही देख पाए।यहीं से अलकनन्दा नदी गंगा कहलाने लगती है।

बस देवप्रयाग से निकल चुकी है।इस समय मैं खिड़की वाली सीट पर बैठा हूँ।रास्ते में आने वाले प्राकृतिक दृश्य मन को भाव विभोर कर रहे हैं।जलेबी की तरह बने सीधे मार्ग आन्तरिक रोमांच बढा रहे हैं।कभी बस ऊंचाई की और बढ़ती है तो कभी ढलान से नीचे उतरती है।दूर तक ऊंचाइयों पर फैले जंगल,दूर से नज़र आता कोई झरना या कहीं दूर किसी पहाड़ पर बसा कोई गाँव देखकर वहां तक जाने की कल्पना करता हूँ।
इन पहाड़ी रास्तों और हमारे जीवन के बीच संबद्ध खोजने की कोशिश करता हूँ।हमारा जीवन भी इन रास्तों की तरह ही है कभी हम आगे बढ़ते है तो कभी पीछे रह जाते है।हमारा परिश्रम कभी हमें ऊपर ले जाता है तो कभी कोई चूक नीचे ले आती है।इन घुमावदार रास्तों की तरह हमारा जीवन भी घुमावदार है।तभी कोई झटका लगता है और मैं यथार्थ में प्रवेश करता हूँ।अजय को नींद आ रही है।जैसे ही बस किसी मोड़ पर घूमती है एक बार नींद टूट जाती है फिर आ जाती है।
बस श्रीनगर से गुजर रही है।अजय जाग चुका है।श्रीनगर एक बड़ा गढ़वाली शहर है।इसकी समुन्द्रतल से ऊंचाई लगभग 990 मीटर है।
रुद्रप्रयाग भी आ चुका है।समय की और ध्यान नहीं है।
लगभग 900 मीटर ऊंचाई पर बसा ये गढ़वाली नगर अलकनन्दा और मंदाकिनी नदियों का संगम स्थल है।
अगला पड़ाव कर्णप्रयाग है।कर्णप्रयाग लगभग साढ़े चौदह सौ मीटर ऊंचाई पर स्थित एक सुंदर शहर है।ये अलकनन्दा और पिंडर नदियों का संगम स्थल है।यहाँ पर बस जलपान के लिए लगभग आधा घण्टा रूकती है।सभी ने खाना खाया।फोटो भी खींची गई।
आगे जोशीमठ आया।लगभग 2045 मीटर ऊंचाई पर बसा ये शहर मुझे बहुत अच्छा लगा।बस जोशीमठ से नीचे उतरती है।थोड़ा चलने पर विष्णुप्रयाग आता है।यहां धौली गंगा और अलकनन्दा का संगम होता है।यहां एक पन बिजली परियोजना चल रही है जिसकी इमारतें रास्ते से नज़र आती हैं।वैसे प्रयाग का दूसरा अर्थ संगम ही होता है।जिस भी शहर के साथ प्रयाग लगा है समझ लो वहां किसी न किसी नदी का संगम ही है।

किसी ने ठीक ही कहा है कि पहाड़ों में दूरियां किलोमीटर में नहीं घंटो में मापी जाती है।ऋषिकेश से गोविंदघाट तक का लगभग 280 किलोमीटर का सफर तय करने में बस ने
लगभग 11 घण्टे लगा दिए।

लगभग छः बजे के करीब बस ने हमें गोविन्दघाट उतार दिया।अलकनन्दा नदी के किनारे बसा और चारों और ऊँचे-ऊँचे पर्वतों से घिरा ये शहर वास्तव में शानदार दृश्य पेश करता है।यहां बहुत से होटल हैं,दुकानें हैं और एक गुरुद्वारा है जहाँ हेमकुंड जाने वाली यात्रियों के ठहरने का अच्छा प्रबंध है।सबसे पहले हम गुरूद्वारे में गये।वहाँ हमें ऊपर बने एक हॉल में ठहरने के लिए जगह दे दी गई।हॉल में हमें तीन गद्दे सोने के लिए मिले।हमनें वहां अपना सामान रखा और नीचे अलकनन्दा के किनारे आ गए।यहां हमनें नदी में कई देर तक मस्ती की।नदी के किनारे 2013 की त्रास्दी की चिह्न स्पष्ट नज़र आ रहे थे।देख कर स्पष्ट पता चल रहा था कि उस समय कितनी विकराल विनाश लीला हुई होगी।अँधेरा होने लगा था।वापिस गुरुद्वारे पहुंचे।माथा टेका।भोजन किया और अपने स्थान पर सोने चले गए।अलकनन्दा के बहने की आवाज यहां तक बिल्कुल साफ आ रही थी।
सुबह गोविंदधाम(घांघरिया) पहुंचना है.....


गोविंदघाट:अलकनन्दा नदी

अलकनन्द और शमशेर का प्रेम

अलकनन्दा के किनारे दो दोस्त

अनिल हिमालय की गोद में

जय अलकनन्दा


अगला भाग पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें। 

5 टिप्‍पणियां:

Pratik Gandhi ने कहा…

बढ़िया दिन बस यात्रा के नाम

संजय शर्मा'पारीक' ने कहा…

धन्यवाद प्रतीक जी

Unknown ने कहा…

Good घर बैठे बैठे सब को उत्तराखंड की यात्रा करवा दी।

ब्लॉ.ललित शर्मा ने कहा…

बहुत खूब।

संजय शर्मा'पारीक' ने कहा…

धन्यवाद ललित जी